UP: 60 लाख का कोडीन सिरप बरामद! डीसीएम में छिपाकर ले जा रहे थे 30 हजार बोतल, STF ने पकड़ा पूरा काफिला

UP: बांदा में जनपद में प्रतिबंधित कोडीन सिरप के अवैध कारोबार पर यूपी एसटीएफ ने बड़ा प्रहार किया है। गुरुवार सुबह करीब छह बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास STF और बिसंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने कोडीन सिरप से लदी डीसीएम को घेरकर पकड़ लिया। डीसीएम की तलाशी हुई तो पुलिस भी हैरान रह गई। अंदर एक-दो पेटी नहीं, बल्कि 250 पेटियों में करीब 30 हजार बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप भरा मिला। पुलिस के मुताबिक बरामद सिरप की कीमत करीब 60 लाख 45 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान डीसीएम को स्कॉर्ट कर रही चार पहिया गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने डीसीएम चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

रात की सूचना, सुबह एक्सप्रेसवे पर STF का जाल

जिले में प्रतिबंधित कोडीन सिरप के अवैध परिवहन और सप्लाई की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद STF नेटवर्क पर नजर रख रही थी। बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ी खेप डीसीएम के जरिए बिसंडा क्षेत्र से होकर निकाली जा रही है। सूचना मिलते ही STF सक्रिय हो गई। गुरुवार सुबह टीम बिसंडा पहुंची और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर अतर्रा-बिसंडा मार्ग स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध डीसीएम वहां पहुंची। टीम ने वाहन को रोक लिया। पीछे से उसकी निगरानी कर रही चार पहिया गाड़ी को भी पकड़ लिया गया।

Also Read: 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद! UP के इस जिले से 25 हजार का इनामिया तस्कर दयाशंकर गिरफ्तार

पेटियां खुलीं तो निकला ‘कोडीन’ का जखीरा

डीसीएम की तलाशी में 250 पेटियां बरामद हुईं। पेटियां खुलीं तो उनमें प्रतिबंधित कोडीन सिरप की करीब 30 हजार बोतलें मिलीं। इतनी बड़ी मात्रा में सिरप बरामद होने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

चार गिरफ्तार, सामने आए कई ठिकाने

पुलिस ने डीसीएम चालक शेखर निवासी मैना, थाना बहादुरगढ़, हापुड़, धीरेन्द्र निवासी नहर पुरवा, थाना बिसंडा, प्रवीण उर्फ लकी निवासी लखन कॉलोनी, अतर्रा और रोहित निवासी रामलीला रोड, अतर्रा को गिरफ्तार किया है।30 हजार बोतलों की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद STF की जांच अब सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)