Amethi: दबंगों ने युवक को जमकर पीटा, गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप

Amethi: जामो थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में दबंगों द्वारा एक युवक को घर से बाहर ले जाकर जमकर पीटने और गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

मामला जामो थाना क्षेत्र के हसरम दुबे सूखी बाजगढ़ गांव का है। गांव निवासी सूरज मिश्र पुत्र रामकुबेर मिश्र के अनुसार, तीन सितंबर को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान नाली का पानी गड्ढे में गिरने को लेकर विपक्षियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी उसे घर से बाहर ले गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। घटना के बाद घायल सूरज मिश्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने उदयभान सिंह उर्फ बबलू, अभय प्रताप सिंह और रोहित सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 352, 109(1), 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

ALSO READ: Moradabad में बबली किन्नर के खिलाफ किन्नर समाज ने खोला मोर्चा, मेडिकल जांच और नशामुक्ति केंद्र भेजने की मांग

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित सूरज मिश्र ने आरोप लगाया कि उस पर जानलेवा हमला किया गया था। उसने बताया कि घटना के बाद डर के कारण तत्काल शिकायत नहीं की। उसका आरोप है कि जब वह घर से बाहर जा रहा था, तब आरोपी उसके पीछे लगे हुए थे और उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। जामो थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)