बैंक मैनेजर की ‘देर रात’ वाली हरकतों से परेशान थी महिला…बलिया में महिला बैंककर्मी की शिकायत पर 2 अधिकारियों पर केस

उत्तर प्रदेश के जिला बलिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक बैंक की महिलाकर्मी ने अपने ही बैंक के दो अधिकारियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मामला गड़वार थाना क्षेत्र का है। एक निजी बैंक में रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर तैनात युवती ने गड़वार पुलिस को तहरीर देकर बताया कि, ब्रांच मैनेजर अखोरी कुनाल रंजन सिन्हा देर रात 12 बजे तक मोबाइल पर मैसेज कर परेशान करता था। गलत काम के लिए दबाव और अश्लील हरकतें करता था।

आरोप लगाया है कि तीन सितम्बर को फील्ड में मीटिंग के लिए गयी तो वह भी पीछे से पहुंच गया। वह हमारी स्कूटी छोड़कर अपनी बाइक पर बैठने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के अनुसार, जब उसकी गाड़ी पर बैठने से इंकार किया तो उसने रास्ते से उठवा लेने तथा जबरदस्ती करने की धमकी दी। इससे डरकर अपने भाई को बुलाया और उसके साथ घर चली गयी। पीड़िता का कहना है कि इस मामले को क्लस्टर हेड (सीएच) शशांक वर्मा को पहले बताया था।

Also Read: बरेली: देवर की अश्लील हरकतों से गुप्तांगों में आईं गंभीर चोटें, शौहर ने मुंह में कपड़ा ठूंस कर काटा कान, फिर दे दिया तीन तलाक

आरोप है कि उसने भी कहा कि ‘मैनेजर जैसा कर रहा है, वैसा करो नहीं तो नौकरी गंवा दोगी।’ महिलाकर्मी के अनुसार, इस घटना के बाद वह तीन दिनों से ड्यूटी नहीं कर रही है। इस सम्बंध क्लस्टर हेड शशांक वर्मा ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इस बारे में सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा का कहना है कि गड़वार थाने में एक बैंक की महिला कर्मचारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। तहकीकात की जा रही है।

रतसर कस्बा में स्थित निजी बैंक के मैनेजर और क्लस्टर हेड पर मुकदमा दर्ज होने के बाद बैंक के अधिकारी भी हरकत में आ गये। बैंक से जुड़े लोगों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी मैनेजर और पीड़िता को हटा दिया गया है। बुधवार को नये ब्रांच मैनेजर रितेश कुमार ने कार्यभार भी सम्भाल लिया। नए ब्रांच मैनेजर ने कहा कि अस्थाई तौर पर इस ब्रांच की जिम्मेदारी देकर भेजा गया है। प्रकरण के सम्बंध में उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार किया।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.