जौनपुर: प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
अभियान के दौरान सेवा दिवस, चित्रकला, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिता, आंगन मिलन, डिजिटल एवं रील अभियान, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, शिक्षा सहयोग और सड़क सुरक्षा जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
वहीं युवाओं और विद्यार्थियों के लिए इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया जाएगा। 17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ अभियान का समापन होगा। डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से दायित्वों का निर्वहन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभांशु कटियार, एडीएम भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, परियोजना निदेशक केके पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



















































