अमेठी: गोंडा के बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को कथित रूप से रोके जाने और पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का मामला गरमा गया है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन अमेठी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार गौतम के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने कथित तौर पर उनके काफिले को रोक दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
Also Read: Jaunpur: मछलीशहर में गरजे चंद्रशेखर आजाद, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर किया बड़ा ऐलान
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कथित तौर पर कुछ लोगों की ओर से काफिले पर हमला किया गया। भीम आर्मी ने घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि हत्या के किसी भी मामले में पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। साथ ही लोकसभा सदस्य के रूप में चंद्रशेखर आजाद को पीड़ित परिवार की आवाज उठाने के दौरान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप सम्मान मिलना चाहिए।
संगठन ने जांच समयबद्ध तरीके से पूरी कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। भविष्य में उनकी जनसुनवाई अथवा पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान अनावश्यक रोक-टोक या कथित दुर्व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन विरोध दर्ज कराएगा। संगठन ने राज्यपाल से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की अपील की।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































