UP: बलिया जनपद में एक सिपाही का शव पोखरे से बरामद होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बांसडीह कोतवाली पर तैनात सिपाही परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के एक पोखरे से बरामद किया गया। सिपाही रविवार रात से ही ड्यूटी से लापता चल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बांसडीह कोतवाली पर तैनात रिक्रूट आरक्षी परितोष मिश्रा 13 सितंबर की रात अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को रेलवे स्टेशन बलिया छोड़ने के लिए अपनी निजी मोटरसाइकिल से गए थे। सिपाही शिवगोपाल को माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में बेल कमेंट दाखिल करने हेतु ट्रेन पकड़नी थी।
साथी को स्टेशन पर ट्रेन में बैठाने के बाद, वापसी के दौरान परितोष मिश्रा ने बांसडीह रोड थाने पर तैनात अपने ही बैच के 2–3 अन्य पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। सभी ने छाता गांव के समीप एक साथ बैठकर भोजन किया। खाना खाने के बाद परितोष मिश्रा ने अपने साथियों से कहा कि रात में उनकी ड्यूटी सेकंड मोबाइल पर लगी है, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द थाने पहुंचना होगा। इसके बाद वे अपनी बाइक से बांसडीह कोतवाली के लिए रवाना हो गए। हालांकि, वे रात में निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
जब सिपाही ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए, तो पुलिस महकमे द्वारा उनकी खोजबीन शुरू की गई। रातभर संपर्क न होने पर पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी रहीं। इसी क्रम में सोमवार, 14 सितंबर को सुबह करीब 10:00 बजे बांसडीह रोड थाना अंतर्गत छाता गांव में चोरा मोड़ के पास स्थित एक पोखरे में एक बाइक और शव दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो वह शव आरक्षी परितोष मिश्रा का ही था।
सूचना मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव और मोटरसाइकिल को करीब छह फीट गहरे पानी से बाहर निकलवाया। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चोरा मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित और डिसबैलेंस हो गई, जिससे सिपाही सीधे छह फीट गहरे पोखरे में जा गिरे और यह दर्दनाक हादसा हो गया।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है वही अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है साथ ही परिजनों को इसकी सूचना भेज दी गयी है।



















































