UP: सहारनपुर में मचा हड़कंप! स्टार पेपर मिल में गैस रिसाव और आग की सूचना, दौड़ीं टीमें

UP: सहारनपुर में शुक्रवार को अचानक गैस रिसाव और औद्योगिक आग की सूचना से पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, बिजली विभाग, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गईं। कुछ ही देर में टीमें स्टार पेपर मिल पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, यह कोई वास्तविक हादसा नहीं था, बल्कि आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर जिले की पांचों तहसीलों में शुक्रवार को व्यापक मॉक ड्रिल कराई गई। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और प्रतिक्रिया समय की जांच करना था। अलग-अलग स्थानों पर गैस रिसाव, औद्योगिक आग, भूकंप और स्कूल सुरक्षा से जुड़े परिदृश्यों का अभ्यास किया गया।

सदर तहसील में स्टार पेपर मिल को औद्योगिक गैस रिसाव और आगजनी के अभ्यास के लिए चुना गया। सुबह करीब 11 बजे गैस रिसाव और आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र को सुरक्षित किया। फायर टीम ने आग पर नियंत्रण और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। स्वास्थ्य विभाग ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था परखी| एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस ने रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया, जबकि बिजली विभाग ने आपात स्थिति में विद्युत जोखिमों से निपटने की प्रक्रिया जांची।

Also Read: UP: 12 करोड़ की चोरी से मचा हड़कंप, 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज, 7 किलो सोना बरामद, 4 गिरफ्तार

बेहट के जनता इंटर कॉलेज में स्कूल सुरक्षा और भूकंप से बचाव का अभ्यास कराया गया। देवबंद के एचएवी डिग्री कॉलेज में भूकंप की स्थिति में सुरक्षित निकासी और राहत-बचाव का अभ्यास हुआ। वहीं नकुड़ के टाबर रोड स्थित सतगुरु इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी में ऊंचे भवन में आग लगने की स्थिति में फायर रेस्क्यू और आग पर नियंत्रण की तैयारियां परखी गईं।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.