Muzaffarnagar: जयसिंह हत्याकांड में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

Muzaffarnagar: जनपद के फुगाना कोतवाली क्षेत्र के खरड़ गांव में जयसिंह हत्याकांड का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। मारपीट की घटना में जयसिंह की मौत के बाद शुक्रवार को राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार, जयसिंह की पड़ोस के कुछ युवकों द्वारा की गई कथित पिटाई के बाद मौत हो गई थी। आरोप है कि पड़ोसी जाट समाज के युवकों ने जयसिंह के साथ मारपीट की थी। मारपीट की यह पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने जयसिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मंत्री ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

ALSO READ: UP के मथुरा में UPI शुल्क के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, PM मोदी को भेजा ₹2,000 से ज्यादा का ‘गिफ्ट’

पुलिस अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश

राज्यमंत्री ने पुलिस को मामले में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं। वहीं, पुलिस इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है। जयसिंह की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों को अब मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई और न्याय मिलने का इंतजार है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)