UP के मथुरा में UPI शुल्क के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, PM मोदी को भेजा ₹2,000 से ज्यादा का ‘गिफ्ट’

UP: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मथुरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा 2,000 रुपये से अधिक के यू.पी.आई लेन-देन पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने के विरोध में भाजपा के राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतीकात्मक रूप से जन्मदिन का गिफ्ट भेंट किया गया।

जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि 2,000 रुपये से अधिक के यू.पी.आई लेन-देन पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने का निर्णय युवाओं, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय इस प्रकार के शुल्क से आम जनता में असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के लिए भेजे गए प्रतीकात्मक गिफ्ट में शुद्ध देसी घी, हवन सामग्री, कपूर, धूप-बत्ती और अगरबत्ती आदि पूजा सामग्री शामिल की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस गिफ्ट की कीमत 2,000 रुपये से अधिक रखी गई है और इसे यू.पी.आई पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स के विरोध को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने के लिए भेजा गया है। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यू.पी.आई लेन-देन पर प्रस्तावित अतिरिक्त टैक्स को वापस लेने की मांग की और आम जनता को राहत देने की बात कही।

ALSO READ: डबल माइंड होकर पार्टी का भला कैसे करेंगे?… मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बसपा से किया बाहर

कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने किया, कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस जनों में पूर्व अध्यक्ष उमेश शर्मा, जिला महामंत्री मनोज गौड़, बलवीर प्रधान हरवीर सिंह, दुर्गेश बघेल, ललिता देवी, रूपा लवानिया, गीता दिवाकर, रमेश कश्यप, रवि वाल्मीकि, दीपक सिंह, हाशिम हुमेंर, बलवीर सिंह, शैलेंद्र चौधरी, महेश चौबे, धीरू चौधरी, पूरन सिंह, मंजू देवी, राजेश कुमार, दिलशाद खान, रूपवती गुड्डी, देवी रीता, देवी अमरावती, नम्रता सहित कांग्रेस जन उपस्थित थे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)