UP: बलिया में डिजिटल पेमेंट के खिलाफ कांग्रेसियों ने सड़क पर उतर कर जमकर प्रदर्शन किया। 2000 से अधिक के UPI लेनदेन पर अतिरिक्त टैक्स और शुल्क लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेश भर में मोर्चा खोल दिया है। बलिया में जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए परिवहन मंत्री के आवास पर उनके भाई धर्मेंद्र सिंह को 2000 मूल्य की पूजा सामग्री भेंट की। पार्टी का दावा है कि यह सामग्री यूपीआई से पेमेंट करके खरीदी गई, जिस पर अतिरिक्त टैक्स चुकाना पड़ा।
जानिए क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ यह पैदल मार्च नगर के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरा। स्टेशन चौक, लोहापट्टी, गुदरी बाजार और विशुनीपुर होते हुए सीधे परिवहन मंत्री के आवास तक कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने डिजिटल लूट बंद करोऔर जनविरोधी फैसले वापस लो के नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि सरकार एक ओर डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर आम जनता और छोटे कारोबारियों पर नए-नए चार्ज थोप रही है। उन्होंने कहा कि 2000 से ऊपर के भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाना सीधे तौर पर जनता की गाढ़ी कमाई पर चोट है। इसी सच्चाई को उजागर करने के लिए मंत्री के आवास पर जाकर पूजा सामग्री सौंपी गई है।
















































