Hathras: गौ संबंधी एक प्रकरण में पुलिस प्रशासन द्वारा जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर अपनी बात रखी। VHP पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन की ओर से पूर्व में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन और शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
VHP के अनुसार, शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से संगठन के पदाधिकारियों को छह दिवस के भीतर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। संगठन का दावा है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद अभी तक उन्हें न तो जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है और न ही प्रकरण में हुई कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी गई है।इसी को लेकर VHP की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए और जल्द से जल्द संगठन को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
VHP पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन प्रशासन का सम्मान करते हुए अब तक धैर्यपूर्वक जांच रिपोर्ट का इंतजार करता रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो आगरा में होने वाले कार्यक्रम के बाद संगठन के क्षेत्र, प्रांत और विभाग स्तर के अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन की घोषणा की जा सकती है। संगठन ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा जांच के निष्कर्ष से VHP को अवगत कराया जाए। प्रेस वार्ता के दौरान हरिगढ़ विभाग के विभाग संगठन मंत्री उमाकांत, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री और जिला गौरक्षा प्रमुख मनोज वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।














