सैफई: थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग लड़की प्राची के करीब दो महीने से लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग की बरामदगी न होने पर परिजनों ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इटावा को प्रार्थना पत्र देकर बेटी को जल्द और सुरक्षित बरामद कराने की गुहार लगाई है।
परिजनों के मुताबिक, प्राची के बॉस यादव पुत्र महेश चंद्र और राहुल उर्फ छोटू पुत्र बृज बिहारी के साथ जाने की जानकारी सामने आई थी। परिवार का आरोप है कि मामले की सूचना पुलिस को देने और लगातार तलाश की गुहार लगाने के बावजूद करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं लग सका है।
Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची
नाबालिग के लंबे समय से लापता रहने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों का कहना है कि बेटी की सुरक्षित बरामदगी उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने एसएसपी से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई और नाबालिग को जल्द बरामद कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि करीब दो महीने से लापता नाबालिग की तलाश में पुलिस की जांच कहां तक पहुंची? संभावित लोगों से पूछताछ और अन्य जरूरी जांच में क्या प्रगति हुई? परिजनों की गुहार के बाद पुलिस इस मामले में क्या ठोस कदम उठाती है, यह देखने वाली बात होगी।
मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














