सहारनपुर में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया शातिर तस्कर, 50 लाख की स्मैक बरामद

सहारनपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत बेहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 265 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज मुखबिर की सूचना पर बेहट पुलिस ने ग्राम रीढी मोहउद्दीनपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उस्मान पुत्र यासीन निवासी ग्राम रीढी मोहउद्दीनपुर, थाना बेहट को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 265 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

ALSO READ: UP: पूर्वांचल के जिलों में बदला मौसम का मिज़ाज, उमश भरी गर्मी से मिली राहत तो बारिश ने बढ़ाई आफत

बरामदगी के आधार पर थाना बेहट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के नशे के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से आया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2022 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)