UP: हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी सीआरपीएफ जवान प्रमोद कुमार शर्मा का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया। 43 वर्षीय प्रमोद कुमार रविवार तड़के जवानों को पीटी करा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। सीआरपीएफ अधिकारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रमोद कुमार के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव ऊंचागांव पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक प्रमोद कुमार मिलनसार और होनहार व्यक्ति थे और उन्होंने अपनी नौकरी के दौरान जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया।
बताया गया है कि प्रमोद कुमार वर्ष 2005 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वह अपने पिता सुरेश चंद्र शर्मा के चार बेटों में सबसे छोटे थे। बचपन से ही पढ़ाई में होनहार प्रमोद नौकरी में आने के बाद देश सेवा में जुट गए थे। वह अविवाहित थे।
सीआरपीएफ की ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रमोद कुमार का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह हवाई जहाज से दिल्ली लाया गया। इसके बाद सोमवार दोपहर बाद पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके आवास पर पहुंचेगा। जहां सम्मान के साथ अंतिम विदाई और अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जवान की अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रमोद कुमार ने देश सेवा में अपना जीवन समर्पित किया और उनके निधन से गांव ने अपना एक जांबाज बेटा खो दिया।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














