UP: पीलीभीत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकाक़र वोट चोर, गद्दी छोड़ के जमकर नारे भी लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कड़ी तैनाती के बावजूद पुलिस को चकमा देकर पुतला फूंक दिया।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुनाल चौधरी के नेतृत्व में भारी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इस दौरान पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता को लेकर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाये जाने, उनकी गिरफ्तारी और उनके फैसलों की समीक्षा की मांग उठाई है।
Advertisement
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता कुनाल चौधरी ने सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा, कि देश में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो रहा है और सिर्फ मौजूदा सरकार की मनमानी जारी है। कुनाल चौधरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाने और उनके मनमाने फैसलों को रद्द करने की मांग उठाई है।
कुनाल चौधरी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव और हालिया विधानसभा चुनावों में प्रशासनिक दबाव बनाकर जनमत को मैनिपुलेट किया गया, जो सीधे तौर पर लोकतंत्र और जनता के वोट पर डाका है। उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव आयोग में निष्पक्षता वापस नहीं आ जाती तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।



