अमेठी: लेखपालों की कमी से 35 ग्राम पंचायतों में प्रमाण पत्रों का काम प्रभावित, ग्रामीण परेशान

अमेठी: तहसील क्षेत्र की करीब 35 ग्राम पंचायतों में लेखपालों की कमी और अतिरिक्त प्रभार वाले लेखपालों के आठ सूत्रीय मांगों को लेकर काम नहीं करने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आय, निवास और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रमाण पत्रों के सत्यापन और रिपोर्ट की प्रक्रिया प्रभावित होने से कई आवेदन लंबित पड़े हैं।

तहसील क्षेत्र में लेखपालों की कमी के चलते कई ग्राम पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार दूसरे लेखपालों को दिया गया है। अतिरिक्त प्रभार वाले लेखपालों के काम नहीं करने के कारण संबंधित ग्राम पंचायतों के लोगों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन और रिपोर्ट का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे ग्रामीणों को अपने जरूरी दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो रही है।

Also Read: UP: महिला लेखपाल से अभद्रता-धमकी का आरोप, थाने पहुंचे लेखपालों ने जताया विरोध, मुकदमा दर्ज

ग्रामीण नितिन शुक्ल, ज्ञान प्रकाश, राकेश अग्रहरी, सुनीता, पूजा और राहुल ने बताया कि उन्हें निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, लेकिन संबंधित प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रमाण पत्र समय पर नहीं बनने से छात्रवृत्ति, प्रवेश, सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित प्रमाण पत्रों का जल्द सत्यापन कराकर उन्हें जारी कराया जाए।

साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में लेखपालों की कमी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।इस संबंध में उपजिलाधिकारी पंकज मिश्र ने बताया कि मामले को लेकर बैठक कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। प्रमाण पत्रों के निस्तारण के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)