https://breakingtube.com/wp-content/uploads/2026/09/728x90-ODOP-UPITS-scaled.jpg
Home UP News UP: महिला लेखपाल से अभद्रता-धमकी का आरोप, थाने पहुंचे लेखपालों ने जताया...

UP: महिला लेखपाल से अभद्रता-धमकी का आरोप, थाने पहुंचे लेखपालों ने जताया विरोध, मुकदमा दर्ज

UP: बाराबंकी तहसील फतेहपुर में तैनात महिला लेखपाल के साथ कथित अभद्रता, शासकीय कार्य में हस्तक्षेप, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। महिला लेखपाल कल्पना देवी की तहरीर पर कोतवाली फतेहपुर पुलिस ने टेढ़वा निवासी सतीश सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला लेखपाल कल्पना रावत ने आरोप लगाया कि आरोपी उनके राजस्व संबंधी सरकारी कार्यों में लगातार हस्तक्षेप करता है और काम में बाधा उत्पन्न करता है। शिकायत के मुताबिक, उनके साथ कथित तौर पर अभद्र एवं अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया। महिला लेखपाल ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अपमानित करने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

Advertisement

Also Read: UP: अमेठी में लेखपाल की पिटाई से मचा हड़कंप, वीडियो वायरल, SDM ने तहसीलदार को सौंपी जांच

महिला लेखपाल का कहना है कि इस तरह की कथित घटनाओं के चलते क्षेत्र में सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने में परेशानी हो रही है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल संगठन से जुड़े कई साथी कोतवाली फतेहपुर पहुंचे। इनमें हिमांशु वर्मा, शालिनी तिवारी, शिवानी शुक्ला, रेशु वर्मा, रविंद्र मौर्य, कपिल देव, भानु, दीपक कुमार, विकास रावत, विकास चौधरी और अल्पना वर्मा सहित अन्य लेखपाल शामिल रहे। लेखपालों ने पुलिस अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जानकारी ली और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

Also Read: सुल्तानपुर: लेखपालों ने जमा किए बस्ते, अतिरिक्त काम से किया किनारा, मांगों को लेकर प्रदर्शन

लेखपालों ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों को सरकारी कार्य करते समय किसी प्रकार के दबाव, अभद्र व्यवहार या धमकी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में प्रभावी कार्रवाई करने तथा पीड़ित महिला लेखपाल की सुरक्षा पर भी ध्यान देने की मांग की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया कि महिला लेखपाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच चल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)