हाथरस में भीषण सड़क हादसा, गेहूं से लदे ट्रक ने धान से भरे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, पिता-पुत्र गंभीर

हाथरस: हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हुसैनपुर के निकट दिल्ली कानपुर हाईवे पर गेहूं से भरे 10 पहिया ट्रक ने धान से लदे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर पर धान लदा हुआ था और वह अलीगढ़ की मंडी की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर हुसैनपुर के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे गेहूं से लदे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक और ट्रैक्टर दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद हाईवे पर धान और गेहूं बिखर गया।

ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश

ट्रैक्टर चालक का आरोप है कि वह ट्रैक्टर को काफी धीमी गति से चला रहा था, लेकिन पीछे से आ रहे ट्रक के चालक की लापरवाही के चलते उसके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी गई। हादसे में चालक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के साथ ट्रक के चालक व परिचालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने ट्रैक्टर चालक के पिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं और दोनों की हालत सामान्य है।

Also Read: लखनऊ: पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे, अनिल राजभर पर भी तंज

हादसे के बाद ट्रक के बीच सड़क पर पलटने से हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा और जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर बिखरे धान और गेहूं की बोरियों को हटवाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान एटा की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर रोंग साइड की दूसरी लेन से निकाला गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)