https://breakingtube.com/wp-content/uploads/2026/09/728x90-ODOP-UPITS-scaled.jpg
Home UP News UP: कृष्णानगर बिजलीघर पर सिक्योरिटी गार्ड ने संविदा कर्मी को मारी गोली,...

UP: कृष्णानगर बिजलीघर पर सिक्योरिटी गार्ड ने संविदा कर्मी को मारी गोली, आगरा रेफर

मथुरा: कृष्णानगर क्षेत्र स्थित बिजलीघर पर गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने मामूली कहासुनी के बाद एक संविदा कर्मी को गोली मार दी। गोली लगने से संविदा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने आगरा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर बिजलीघर पर सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से नेत्रपाल नाम का सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। बताया गया है कि बुधवार देर रात या गुरुवार तड़के उसकी बिजलीघर पर तैनात संविदा कर्मी दीपक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से दीपक पर फायर कर दिया। गोली दीपक के शरीर में लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

Advertisement

ALSO READ: Banda में अधिवक्ताओं ने खोला मोर्चा! राष्ट्रपति के नाम 14 सूत्रीय ज्ञापन, सुरक्षा कानून लागू करने की उठी आवाज

घटना के बाद बिजलीघर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के समय आरोपी सिक्योरिटी गार्ड शराब के नशे में था। कई कर्मचारियों ने बताया कि गार्ड का व्यवहार पहले भी कई बार अभद्र रहा है, लेकिन इस बार उसने हदें पार कर दीं।

गुरुवार सुबह जब कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो बिजलीघर कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ था। गोलीकांड की खबर सुनते ही कई कर्मचारी दहशत में कार्यालय छोड़कर चले गए। पूरे दिन बिजलीघर पर दहशत का माहौल बना रहा।

ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश

सूचना मिलने पर कृष्णानगर चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गार्ड ने किस परिस्थिति में गोली चलाई और उसके पास मौजूद हथियार वैध था या नहीं।

वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सैनिक कल्याण बोर्ड को भी इस घटना के बारे में अवगत कराया जाएगा। फिलहाल घायल संविदा कर्मी की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका आगरा में उपचार चल रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)