Banda: लंबित मांगों का समाधान न होने से नाराज उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ जनपद बांदा ने अब चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है।संघ ने साफ किया है कि मांगों के निस्तारण तक आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। आंदोलन की शुरुआत 3 अक्टूबर से होगी और मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलामंत्री रविन्द्र कुमार यादव ने बताया कि संघ की ओर से आंदोलन का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत अलग-अलग चरणों में धरना,ज्ञापन,ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार,काली पट्टी बांधकर कार्य,मोटरसाइकिल रैली और पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
जानिए क्या है पूरा मामला?
3 अक्टूबर को प्रदेशभर के आंदोलन के तहत बांदा में भी लेखपाल संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करेंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर लंबित मांगों के समाधान की मांग की जाएगी। आंदोलन के अगले चरण में 8 अक्टूबर को लेखपाल तहसील प्रशासनिक व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ेंगे।साथ ही आय,जाति,निवास,वरासत,फार्मर रजिस्ट्रेशन समेत सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है। 10 अक्टूबर को लेखपाल काली पट्टी बांधकर थाना दिवस में कार्य करेंगे।इसके जरिए संघ अपनी मांगों के प्रति विरोध दर्ज कराएगा। आंदोलन के दौरान 12 अक्टूबर को तहसील और जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 14 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी।रैली के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
17 से 23 अक्टूबर तक पूर्ण कार्य बहिष्कार
आंदोलन का अगला चरण और व्यापक होगा। 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक सभी तहसीलों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूर्ण कार्य बहिष्कार और धरना दिया जाएगा।














