Bareilly: सांड़ के हमले में बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत, खेत पर रखवाली करते समय हुआ हादसा

Bareilly: बरेली जिले के कस्बा शेरगढ़ में सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। आवारा छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान रामपाल मौर्य की सांड के हमले में जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, शेरगढ़ के मोहल्ला गांधीनगर निवासी रामपाल मौर्य (70 वर्ष) कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में फूल गोभी की पौध की रखवाली कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि वह अपनी फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए पिछले करीब एक वर्ष से खेत पर ही अस्थाई छप्पर डालकर दिन-रात रह रहे थे।

ALSO READ: Bareilly: कैफे में घुसकर चोरी की कोशिश, CCTV कैमरे उखाड़कर भागे संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस

रामपाल अपने खेत पर बैठे हुए थे, तभी अचानक एक छुट्टा सांड़ वहां आ गया और उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और सींगों से बुरी तरह दबा दिया। इससे उनके सीने में गंभीर और गहरी चोटें आ गईं। पास के ईंट-भट्टे पर काम कर रहे भूपराम और अन्य मजदूरों ने जब किसान की चीख-पुकार सुनी तो वे सांड़ को भगाने के लिए दौड़े। मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ को वहां से खदेड़ा, लेकिन तब तक रामपाल मौर्य की सांसें थम चुकी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से ग्रामीणों में आवारा पशुओं के आतंक को लेकर भारी आक्रोश है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)