हाथरस: शहर में नगर पालिका की लापरवाही का एक मामला सामने आया है, गुरुवार दोपहर को जहां नगर पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में पुराने रिकॉर्ड के कागज, पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों की पासबुक और अन्य दस्तावेज भरकर ले जाए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रॉली को ढककर या सुरक्षित तरीके से नहीं ले जाने के कारण रास्ते में कागज लगातार गिरते रहे और देखते ही देखते सड़क पर सैकड़ों की संख्या में कागज बिखर गए।
सड़क पर कागज पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद कबाड़ियों में उन्हें उठाकर ले जाने की होड़ लग गई। कई लोग बड़ी संख्या में सड़क पर बिखरे कागज और दस्तावेज एकत्र करते नजर आए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चालक को आवाज देकर रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन चालक का ध्यान पीछे की ओर नहीं होने के कारण वह ट्रैक्टर को आगे ले जाता रहा।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सड़क पर काफी दूर तक नगर पालिका के रिकॉर्ड बिखरे रहे। ट्रैक्टर चालक की यह कथित लापरवाही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका के रिकॉर्ड को इस तरह खुले में ले जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, ट्रॉली में ले जाए जा रहे कागजात वास्तव में अनुपयोगी वेस्ट पेपर थे या उनमें कोई जरूरी अथवा संवेदनशील रिकॉर्ड भी शामिल था, इसकी स्वतंत्र रूप से अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। अब यह जांच का विषय है कि रिकॉर्ड को किस अनुमति के तहत ले जाया जा रहा था और उन्हें सुरक्षित तरीके से ले जाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। यदि जरूरी दस्तावेज सड़क पर गिरे और लोगों के हाथ लगे हैं, तो उनकी सुरक्षा और रिकॉर्ड के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।














