जौनपुर: जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गोसाईपुर-सेवईनाला-गौराबादशाहपुर मार्ग के 10.400 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 18 करोड़ 75 लाख आठ हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना के तहत बाजार और गांवों के बीच नाली का निर्माण भी कराया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग, लखनऊ की ओर से 30 सितंबर को जारी शासनादेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रमुख एवं अन्य जिला मार्गों के उन्नयन से संबंधित 11 कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें जौनपुर का यह मार्ग भी शामिल है। परियोजना की कुल लागत 1875.08 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 937.54 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जफराबाद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय ने स्वीकृति पर कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क नेटवर्क उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गोसाईपुर से सेवईनाला होते हुए गौराबादशाहपुर तक का मार्ग आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
परियोजना में बाजार गांवों के मध्य नाली निर्माण भी शामिल है। इससे बारिश के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि गांवों को बाजार और प्रमुख मार्गों से बेहतर ढंग से जोड़ने के लिए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले जफराबाद क्षेत्र में लघु सेतु और पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए करीब 2.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। अब 10.4 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण की मंजूरी से क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









