UP: ‘7 करोड़ की लागत, 3 महीने की उम्र और भरभराकर गिर पड़ी छत,’ उद्घाटन से पहले ही बछरावां रेलवे स्टेशन की खुली पोल

रायबरेली: अमृत भारत योजना के तहत करीब सात करोड़ रुपये की लागत से संवारे गए बछरावां रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों की पोल खुलने लगी है। गुरुवार तड़के स्टेशन के पोर्च में टिकट विंडो के पास लगाई गई फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। गनीमत यह रही कि इस दौरान वहां बैठे यात्रियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सीलिंग गिरने के बाद डर के मारे यात्री तुरंत प्लेटफार्म पर जा खड़े हुए।

​महज तीन महीने पहले पूरा हुआ था कायाकल्प

बता दें कि स्टेशन पर लगभग दो साल तक निर्माण कार्य चला था और महज तीन महीने पहले ही सात करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इसका कायाकल्प पूरा किया गया था। खास बात यह है कि अभी इस आधुनिक रूपित स्टेशन का आधिकारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही निर्माण की खराब गुणवत्ता और लीपापोती की पोल खुलने लगी है।

Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश

​यात्रियों में भारी आक्रोश

घटना के बाद से दैनिक यात्रियों और स्थानीय लोगों में रेलवे प्रशासन व निर्माण एजेंसियों के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। दैनिक यात्रियों पंकज, राहुल, अभिषेक, शिवनंदन, मनोज कुमार, लवकुश और ओम प्रकाश का कहना है कि भारी बजट खर्च होने के बावजूद काम में बड़े पैमाने पर लापरवाही बरती गई है। यदि इस घटिया निर्माण की समय रहते उच्चस्तरीय जांच कराई जाती, तो यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी नौबत नहीं आती।

​पहले भी सामने आ चुकी हैं खामियां

स्टेशन पर निर्माण कार्य में लापरवाही का आलम यह है कि महज एक महीने पहले साइकिल स्टैंड का मुख्य गेट उखड़ गया था, वहीं प्लेटफार्म नंबर एक पर लगाए गए कीमती ग्रेनाइट पत्थर भी अपनी जगह से निकल चुके हैं। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की कड़े स्तर पर जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)