चंदौली: धानापुर थाना क्षेत्र के आवाजापुर गांव में चोरों ने एक नवनिर्मित मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
बताया गया कि रात में चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए। इसके बाद कमरों में रखी आलमारी और बक्सों को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित परिजनों के अनुसार चोर सोने की चेन, झुमके, अंगूठियां समेत करीब 10 लाख रुपये से अधिक के आभूषण ले गए। इसके अलावा चांदी की थाली, गिलास और सिक्कों के साथ करीब 10 हजार रुपये की नकदी भी चोरी होने की बात सामने आई है।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
गृहस्वामी की नींद रात करीब 2:30 बजे खुली तो घर के कमरों में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने आशंका जताई कि चोरों ने नींद का स्प्रे इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में मंदिरों से मुकुट, घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लगातार वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









