UP: घर में अकेली थी 11वीं की छात्रा…फंदे पर लटका मिला शव,सुसाइड नोट ने बढ़ाया रहस्य

बांदा: बबेरू कस्बे के प्रभाकर नगर में बीती रात को एक दर्दनाक घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया।घर में अकेली 11वीं की 15 वर्षीय छात्रा वैष्णवी उर्फ गौरी फंदे पर लटकी मिली।कुछ देर पहले तक जिस घर में जिंदगी थी,वहां अचानक मातम पसर गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

प्रभाकर नगर निवासी शिवशरण की बेटी वैष्णवी जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी।बीती शाम को वह घर में अकेली थी।इसी दौरान उसने आंगन में लगे पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।चाचा श्रवण उर्फ डब्बू घर पहुंचे तो भतीजी को फंदे पर लटकता देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में घर में चीख-पुकार मच गई।

Also Read: बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, दो साथियों संग गिरफ्तार

कथित सुसाइड नोट ने खड़े किए कई सवाल

घटनास्थल से छात्रा द्वारा लिखा कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है।इसके बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।मृतका के चाचा ने पड़ोस की एक महिला पर छात्रा समेत अन्य बच्चों को परेशान करने का आरोप लगाया है।उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई थी।परिजनों का दावा है कि पत्र में छात्रा ने पिता से अब अपने खर्च के लिए पैसे नहीं मांगने और बाजार नहीं जाने जैसी बातें लिखी थीं।

साथ ही अपने खिलाफ की जा रही शिकायतों से परेशान होने का जिक्र होने की बात कही गई है।हालांकि पुलिस ने कथित सुसाइड नोट में किसी महिला पर आरोप होने की पुष्टि नहीं की है।पुलिस का कहना है कि पत्र की पूरी सामग्री की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

माता-पिता दूर,घर पर बहन के साथ रहती थी छात्रा

वैष्णवी तीन बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर की थी। उसके माता-पिता इंदौर में रहकर मजदूरी करते हैं।वह अपनी बड़ी बहन के साथ घर पर रहती थी।घटना के वक्त बड़ी बहन भी घर पर मौजूद नहीं थी।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी प्रताप सिंह के अनुसार छात्रा के चाचा ने अज्ञात कारणों से आत्महत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने कथित सुसाइड नोट को जांच में शामिल किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)