सहारनपुर: जनगणना के आगामी चरण की तैयारियों को लेकर आज पाइनवुड स्कूल में फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कमिश्नर रूपेश कुमार और सदर एसडीएम विकास कुमार पांडेय ने सीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी कार्यों के लिए आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान कमिश्नर रूपेश कुमार ने बताया कि जनगणना के फेस-2 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सहारनपुर में कुल 132 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में 66 फील्ड ट्रेनर्स को तीन दिन तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
इसके बाद 12 से 14 अक्टूबर तक दूसरे चरण में शेष 66 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स आगे जनगणना के अगले चरण में अक्टूबर के अंतिम दिनों में इन्यूमरेटर और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे।
कमिश्नर ने बताया कि जनगणना का फेस-2 आगामी 1 दिसंबर से शुरू होकर 4 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर-घर जाकर जनगणना से संबंधित आंकड़े जुटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए फील्ड स्तर पर तैनात कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है।
Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे इन्यूमरेटर और सुपरवाइजर्स को बेहतर तरीके से प्रशिक्षण देकर जनगणना के आगामी चरण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














