बरेली में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से शातिर बदमाश घायल, साथी समेत गिरफ्तार

बरेली: फरीदपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास संदिग्धों की चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 315 बोर के तमंचे के साथ एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उसके साथी समेत दबोच लिया।

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश की पहचान कासिम खां पुत्र गुल खां निवासी मेवा शर्फापुर के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस उसे तत्काल सीएचसी फरीदपुर ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी की सुरक्षा व निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों को अस्पताल में तैनात किया गया है।

Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर

पुलिस के अनुसार, आरोपी कासिम के खिलाफ 22 अगस्त 2026 को फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें गैंगस्टर एक्ट के तहत पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिसमें कासिम काफी समय से वांछित चल रहा था। पुलिस ने मौके से कासिम के साथी जाहिद अली खां पुत्र जान मोहम्मद (निवासी मेवा शर्फापुर) को भी गिरफ्तार किया है।

उसके पास से एक मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है, जिसकी नाल में कारतूस फंसा हुआ था और एक जिंदा कारतूस भी मिला। इसके अलावा कासिम के पास से भी 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

Also Read:‘खुन्नस मिटाने के लिए मस्जिद पर बुलडोज़र चल रहे…’, भड़के AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ की सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा बरामद असलहों और सामान की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)