मथुरा में युवक के अपहरण से सनसनी, 4 दिन से लापता पति की तलाश में भटक रही पत्नी, CCTV में मारपीट कैद

मथुरा: थाना जमुनापार क्षेत्र के गांव सिहोरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी पिछले 4 दिन से अपने लापता पति की तलाश में थाने के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़िता को अभी तक यह भी पता नहीं चल सका है कि उसका पति जिंदा है या मर गया।

पीड़िता सोनिया ने बताया कि शाम करीब 6 बजे उसका पति घर पर सो रहा था, तभी नवनीत, भोला, विष्णु और रवि नाम के युवक फोन कर उसे घर से बुलाकर ले गए। आरोप है कि पहले उसे ठेके पर ले जाकर जबरन शराब पिलाई गई, फिर पाने से सिर पर वार कर दुकान के अंदर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। किसी तरह छूटकर पीड़ित घर की ओर भागा और जान बचाने के लिए 112 पर कॉल की। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस मौके पर आई और थाने आने की बात कहकर चली गई।

Also Read: लखनऊ: अंबी बिष्ट समेत 5 के खिलाफ FIR, LDA से जुड़ा मामला, विजिलेंस जांच के बाद कार्रवाई

पीड़िता का कहना है कि जब उसका पति थाने जा रहा था तो रास्ते में ही चारों आरोपियों ने उसे फिर रोक लिया, मारपीट की और 10 लोगों के साथ एक गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। पिछले 4 दिन से उसका कोई सुराग नहीं है। थाने में सुनवाई नहीं हो रही है और सिर्फ धीरज रखने की बात कही जा रही है। पीड़िता ने शासन-प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि वह अपने पति को सकुशल वापस चाहती है।

Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर

इस मामले में गांव में पुलिस की छानबीन के दौरान सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें मारपीट और खींचकर ले जाने की घटना कैद बताई जा रही है। पीड़ित की बाइक गांव से दूर सुनसान जंगल में सड़क किनारे पड़ी मिली है, जबकि उसका मोबाइल कहीं और मिला है, जिसे पुलिस बरामद करने की बात कह रही है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 घंटे के भीतर पुलिस ने खोजबीन नहीं की तो थाना जमुनापार का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी थाना पुलिस और प्रशासन की होगी। वहीं इस पूरे मामले में सीओ सदर वरुण मिश्रा का कहना है कि कार्रवाई जारी है, किडनैपिंग और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, दो आरोपियों के नाम सामने आए हैं और ग्रामीणों के सहयोग से जल्द ही मुलजिमों को गिरफ्तार किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)