UP: सड़क पर उतरे सपा-कांग्रेसी, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन तो टीडी कॉलेज चौराहे पर पुतला दहन

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में आज का दिन विरोध प्रदर्शन का रहा। समाजवादियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तो वही कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, संविधान की गरिमा और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने जाने से आक्रोशित कांग्रेसियों ने शहर के टीडी कालेज चौराहे पर ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर जमकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। आरोप लगाया गया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा विपक्षी राजनीतिक दलों के प्रति समान दूरी नहीं रखी जा रही है और कई मामलों में विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का उचित समाधान नहीं हुआ है। इससे आम मतदाताओं और राजनीतिक दलों के बीच निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं।

Also Read: लखनऊ: अंबी बिष्ट समेत 5 के खिलाफ FIR, LDA से जुड़ा मामला, विजिलेंस जांच के बाद कार्रवाई

इंडिया गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति से चार प्रमुख मांगें की गई हैं। इनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना, मतदाता सूची से काटे गए नामों को दोबारा जोड़ना, विपक्षी राजनीतिक दलों व नागरिकों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित उठाई गई आपत्तियों की जांच कराना तथा मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े मामलों का निष्पक्ष एवं नियमानुसार समाधान शामिल है।

कहा गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। इसलिए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। इंडिया गठबंधन, जनपद बलिया की ओर से राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में आम जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और संवैधानिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)