लखनऊ, 3 जनवरी 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कथित ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। पैथोलॉजी विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज मलिक पर अपनी सहकर्मी हिंदू महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने, निजी फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल करने और इस्लाम कबूल करने का दबाव डालने के गंभीर आरोप हैं। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने 17 दिसंबर को आत्महत्या की कोशिश की थी।
आरोपी फरार, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी डॉक्टर रमीज फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह लगातार लोकेशन बदल रहा है और मोबाइल बंद रखता है। चौक थाने की टीम लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, खटीमा (उत्तराखंड), नानकमत्ता, बनबासा और टनकपुर सहित कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। उसके रिश्तेदारों और करीबियों की सर्विलांस भी की जा रही है।
25 हजार इनाम और गैर-जमानती वारंट
जिला अदालत ने पुलिस की अर्जी पर आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस ने रमीज पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो CrPC की धारा 82/83 के तहत उसकी संपत्ति (घर) की कुर्की की कार्रवाई शुरू हो सकती है।
KGMU की कार्रवाई और जांच
KGMU प्रशासन ने आरोपी को तुरंत सस्पेंड कर दिया और कैंपस में एंट्री बैन कर दी। विश्वविद्यालय ने सात सदस्यीय कमेटी गठित की है, जिसमें पूर्व डीजीपी भी शामिल हैं। कमेटी पैथोलॉजी विभाग के फैकल्टी मेंबर्स के बयान दर्ज कर रही है। पीड़िता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Also Read : इंदौर में ज़हरीला पानी बना काल, NHRC की सख़्ती दो हफ्ते में जवाब तलब, सरकार हरकत में
पीड़िता की शिकायत और आरोप
पीड़िता (पश्चिम बंगाल मूल की) ने बताया कि जुलाई 2025 में आरोपी से दोस्ती हुई। रमीज ने खुद को अविवाहित बताकर शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर दवा देकर गर्भपात कराया। बाद में शादी के लिए धर्म बदलने का दबाव डाला और निजी फोटो से ब्लैकमेल किया। पीड़िता ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आपबीती सुनाई, जिन्होंने इंसाफ का भरोसा दिया। राज्य महिला आयोग भी जांच कर रहा है।
मामले की संवेदनशीलता
यह मामला ‘लव जिहाद’ के रूप में चर्चित हो गया है। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने प्रदर्शन किया, जबकि डॉक्टरों ने कैंडल मार्च निकाला। महिला आयोग की अध्यक्ष ने इसे ‘समाज के लिए कैंसर’ बताया और गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।














































