कुशीनगर: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कुशीनगर (Kushinagar) जिले में नवसृजित सुकरौली नगर पंचायत के BJP चेयरमैन राजनेति कश्यप (Rajneti Kashyap) और दूसरे पक्ष के बीच 20 साल पुराने जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवादित जमीन पर निर्माण के दौरान मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं ने चेयरमैन और उनके समर्थकों को दौड़ाया। वायरल वीडियो में मफलर बांधे व्यक्ति एक महिला को धक्का देते दिख रहा हैं। पीड़ित पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया, जबकि चेयरमैन ने इसे निराधार बताया। मामला हाटा कोतवाली क्षेत्र का है।
निर्माण के दौरान भिड़ंत
#कुशीनगर – पुराने जमीनी विवाद में सुकरौली नगर पंचायत के चेयरमैन राजनेति कश्यप के साथ धक्का मुक्की का वीडियो वायरल, वायरल वीडियो में एक महिला को धक्का देकर गिराते दिख रहा चेयरमैन के साथ खड़ा मफलर बंद युवक, पुराने विवाद में रसूख के बल पर 5 दिन में मकान बनवा लेने का आरोप, चेयरमैन के… pic.twitter.com/MBtSLjcaVC
— Raj Kumar Giri (@RajKGiri4media) January 3, 2026
मंगलवार 30-31 दिसंबर 2025 को जब चेयरमैन अपने समर्थकों के साथ निर्माण कार्य कराने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने इसका कड़ा विरोध किया। पहले दोनों पक्षों में जोरदार कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई और मारपीट तक जा पहुंचा। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है कि मफलर से मुंह ढके कुछ लोग हाथों में डंडे लिए हुए हैं एक महिला को जोरदार धक्का देकर गिराते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित पक्ष के गंभीर आरोप
पीड़ित पक्ष की महिला कांति, सुदर्शन और युवक प्रमोद सहित अन्य लोगों का कहना है कि चेयरमैन ने गुंडे बुलवाकर हमला कराया और धमकी दी। उनका दावा है कि बचाव में महिलाओं ने पलटवार किया और चेयरमैन व उनके समर्थकों को खदेड़ दिया। पीड़ितों ने इसे एकतरफा हमला बताया और कहा कि वर्षों से चल रहे विवाद को बलपूर्वक हल करने की कोशिश की गई।
थाने में शिकायत, पुलिस का रुख
पीड़ित पक्ष ने हाटा थाने में लिखित तहरीर देकर मारपीट, धमकी और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर की कॉपी सोशल मीडिया पर भी सामने आ चुकी है। पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है।
चेयरमैन का पक्ष और खारिज आरोप
इस पूरे मामले पर नगर पंचायत चेयरमैन राजनेति कश्यप ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश बताया। चेयरमैन का दावा है कि जमीन उनकी अपनी है और निर्माण कानूनी तरीके से हुआ। मारपीट के आरोपों को उन्होंने झूठा करार दिया।
मामला संवेदनशील, तनाव बरकरार
जनप्रतिनिधि का नाम सामने आने से मामला और भी संवेदनशील हो गया है। इलाके में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और गरमा दिया है।
आगे की जांच पर नजर
अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोनों पक्षों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई होती है। स्थानीय लोग इसे रसूख और गुंडागर्दी का मामला बता रहे हैं, जबकि चेयरमैन समर्थक इसे साजिश करार दे रहे हैं।








































