गोरखपुर : थाना कैम्पियरगंज पुलिस को लूट के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का 13 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैम्पियरगंज के मुकदमा संख्या 211/2026 में तीन अभियुक्तों — रविंद्र निषाद, मुन्ना लाल मौर्य और गिरजेश यादव — को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को पीड़ित मेहदावल से पीपीगंज जा रहा था। रास्ते में तीन बाइक सवारों ने उसे रोका, मारपीट की और उसके पास से 77 हजार रुपये नगद व मोबाइल फोन लूट लिया। घटना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार किया। प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने बताया कि सभी अभियुक्त आपस में जुआ खेलते थे और एक-दूसरे की मुखबिरी के आधार पर ही लूट की साजिश रचकर वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धाराओं में संशोधन कर धारा 310(2), 3(5) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना कैम्पियरगंज की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों से आगे पूछताछ कर अन्य लूट की घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।








































