सोशल मीडिया पर दोस्ती का जाल : कायमगंज की किशोरी से हजारों की ठगी, मुंबई कनेक्शन से पुलिस अलर्ट

कायमगंज, फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज नगर में सोशल मीडिया के जरिए किशोरियों को निशाना बनाकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने फर्जी पहचान बनाकर पहले किशोरी से दोस्ती की और फिर भावनात्मक झांसा देकर उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए। मामला तब खुला जब आरोपी दोबारा पैसे लेने किशोरी के घर पहुंच गया और परिजनों को उस पर शक हो गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों से संपर्क करता था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर वह भरोसा जीतता और फिर किसी न किसी बहाने पैसों की मांग करता था। पीड़ित किशोरी भी उसके झांसे में आ गई और कई बार में उसे हजारों रुपये दे दिए।

दोबारा पैसे मांगने पहुंचा तो खुला राज

बताया गया है कि आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ दोबारा रकम लेने किशोरी के घर पहुंचा। इस दौरान परिवार वालों ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। आरोप है कि युवक ने स्वीकार किया कि वह फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर कई लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। उसने यह भी बताया कि इस पूरे नेटवर्क के तार मुंबई से जुड़े हुए हैं और कई लोग मिलकर इस तरह की ठगी को अंजाम देते हैं।

Also Read: पाकिस्तान को भेज रहे थे भारत के सीक्रेट! यूपी में आतंकी साजिश का पर्दाफाश, दो संदिग्ध गिरफ्तार

विरोध करने पर परिवार से मारपीट

जब परिजनों ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया और पुलिस बुलाने की बात कही, तो आरोपी और उसका साथी आक्रामक हो गए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी की तैयारी

पीड़ित परिवार ने कायमगंज कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read : एक लाख का लालच, ऑनलाइन ट्रेनिंग, सोशल मीडिया कनेक्शन और स्लीपर सेल… PAK गैंगस्टर ने आतंकियों को दिया था चौंकाने वाले टारगेट

सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों के लिए चेतावनी

पुलिस ने लोगों, खासकर किशोरियों और युवाओं से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठग अब भावनात्मक संबंध और नकली पहचान का सहारा लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति को निजी जानकारी या पैसे देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करना बेहद जरूरी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)