फर्रुखाबाद की बेटी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप

मैनपुरी, फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद की एक विवाहिता ने कथित घरेलू प्रताड़ना और मानसिक तनाव से परेशान होकर मैनपुरी जनपद के भोगांव में ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद मायके पक्ष में मातम छा गया है, जबकि मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला दाऊद खान निवासी मनीषा शाक्य (27) का विवाह 30 नवंबर 2021 को मैनपुरी जनपद के भोगांव कस्बा स्थित मोहल्ला हथियापौर निवासी विकास के साथ हुआ था। दंपति का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। शादी के बाद मनीषा अपने पति के साथ दिल्ली में रह रही थी।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन मनीषा की ननद उसे दिल्ली से भोगांव लेकर आई थी। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद ननद ने उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रही घरेलू कलह और मानसिक प्रताड़ना से परेशान मनीषा घर से निकल गई और भोगांव रेलवे स्टेशन के निकट एक पैसेंजर ट्रेन के सामने कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Also Read: ‘अब दंगाइयों की नहीं चलती, अयोध्या में रामद्रोही घुस नहीं सकता…’, गोंडा में गरजे सीएम योगी

मृतका की मां मीना शाक्य ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि ससुराल वालों ने कारोबार शुरू करने के नाम पर पहले दो लाख रुपये लिए थे। इसके बाद कुछ महीने पहले एक लाख रुपये और लिए गए। अब पुनः एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर मनीषा के साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के आरोपों के आधार पर भी जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मनीषा की असमय मौत से उसके मायके और ससुराल दोनों परिवारों में शोक की लहर है। चार वर्षीय मासूम पुत्र के सिर से मां का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)