आम तोड़ने के विवाद ने लिया खूनी रूप, फरसा-टांगी से हमला कर युवक का फोड़ा सिर, हालत गंभीर

बलिया। जनपद बलिया के दोकटी थाना क्षेत्र में आम तोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। जमीनी रंजिश और बगीचे में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता ने आरोपियों पर जानलेवा हमला करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना दोकटी क्षेत्र के ग्राम जमीन बड़ी, पोस्ट भगवानपुर निवासी खुशबू देवी पत्नी ओमप्रकाश कुशवाहा ने थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 11 जून 2026 को शाम करीब 6:30 बजे वह अपने पति ओमप्रकाश कुशवाहा और देवर राजू कुशवाहा के साथ घर के पीछे स्थित बगीचे में मौजूद थीं। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गांव की विद्यावती देवी पत्नी वशिष्ठ कुशवाहा उनके बगीचे से आम तोड़ रही थीं।

खुशबू देवी के अनुसार उनके देवर ने इस बात की सूचना मोबाइल फोन के माध्यम से दीपक कुशवाहा को दी और आम तोड़ने से मना किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर विपक्षी पक्ष आगबबूला हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

Also Read: ‘अब दंगाइयों की नहीं चलती, अयोध्या में रामद्रोही घुस नहीं सकता…’, गोंडा में गरजे सीएम योगी

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दीपक कुशवाहा, वशिष्ठ कुशवाहा, लक्ष्मण तथा विद्यावती देवी हाथों में फरसा, चांगी, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक राय होकर हमला करने पहुंच गए। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ओमप्रकाश कुशवाहा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में ओमप्रकाश के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घायल ओमप्रकाश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़िता खुशबू देवी ने आरोप लगाया है कि जाते-जाते विपक्षियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने थाना दोकटी पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि गंभीर आरोपों और जानलेवा हमले के इस मामले में पुलिस कब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करती है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)