राहुल गांधी के दौरे से पहले अमेठी में पोस्टर वार, सांसद किशोरी लाल शर्मा पर उठे सवाल

अमेठी: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेठी दौरे से पहले जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए विवादित पोस्टरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इन पोस्टरों में कांग्रेस और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए हैं।

पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है- “दो साल किशोरी तुमने लाल क्या किया?” इसके जरिए सांसद बनने के बाद क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का हिसाब मांगा गया है। कुछ पोस्टरों में आरोप लगाया गया है कि सांसद निधि से केवल एक स्कूल बस उपलब्ध कराई गई, जिसे एक कांग्रेस नेता के निजी विद्यालय को दे दिया गया। वहीं एक एंबुलेंस को किसी ट्रस्ट संचालित अस्पताल में लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा कई पोस्टरों में वर्तमान सांसद किशोरी लाल शर्मा के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के पांच वर्षों के कार्यकाल से की गई है।पोस्टरों में दावा किया गया है कि पूर्व भाजपा सांसद के समय क्षेत्र में अधिक विकास कार्य हुए, जबकि मौजूदा सांसद पर निष्क्रिय रहने के आरोप लगाए गए हैं।

ये पोस्टर अमेठी कांग्रेस कार्यालय, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल समेत कई सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। राहुल गांधी के आगमन से ठीक पहले हुई इस पोस्टरबाजी ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है और स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)