बहराइच : यूपी के बहराइच में बुधवार को खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर तेंदुए ने हमला कर दिया। उन्हें बचाने दौड़े एक युवक पर भी झपट्टा मारा। हमले में तीनों गंभीर घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। घायल दंपती और युवक को आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 7 घंटे हो गए लेकिन वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने की अभी तक कोई ठोस तैयारी नहीं की गई है। तेंदुआ सुबह 10.45 बजे से पेड़ पर चढ़ा है। मौके पर दो थाने की पुलिस तैनात है।
वन रेंजर एसके तिवारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया जा रहा है। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। तब तक लोगों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है। मामला मोतीपुर वन रेंज क्षेत्र का है।
दलजीतपुरवा के मजरा पंडित पुरवा निवासी रामावती (45) अपने पति रामेश्वर पासी (50) के साथ सुबह करीब 10 बजे गन्ने के खेत में पानी लगाने गई थीं। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक पीछे से आए तेंदुए ने रामावती पर हमला कर दिया। वह गिर पड़ीं। उनके चेहरे, गर्दन और हाथ पर चोट आई है।
पत्नी बचाने के लिए पति रामेश्वर चिल्लाते हुए मौके पर पहुंचे। तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर बगल के खेत में काम कर रहा गोलू (17) पुत्र पेशकर आर्या दौड़ पड़ा। तेंदुए ने उस पर भी झपटा मारा।
तीनों की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हाक लगाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ भागकर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। घायल दंपती और युवक को आनन-फानन में मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही खैरीघाट और मोतीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी शुरू कर दी।














































