रायबरेली में अघोषित बिजली कटौती से भड़के हरचंदपुर के व्यापारी, SDO को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी

रायबरेली: हरचंदपुर क्षेत्र में इन दिनों जारी भयंकर अघोषित बिजली कटौती से स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। रात-रात भर होने वाली ट्रिपिंग और घंटों गायब रहने वाली बिजली से त्रस्त होकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (SDO) को एक ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने दो टूक शब्दों में विभाग से कहा कि रात की कटौती तुरंत बंद की जाए, भले ही इसकी भरपाई के लिए दिन में बिजली काट ली जाए, ताकि कम से कम रात में लोग चैन की नींद सो सकें।

रात में नींद हराम, दिन में काम प्रभावित

व्यापारियों ने बिजली विभाग के रवैये पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में रात के समय कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और आम जनता की नींद हराम हो चुकी है। रात भर जागने के कारण लोग दिन में अपने व्यवसाय और दैनिक कार्यों पर ठीक से ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, जिससे व्यापार चौपट हो रहा है। व्यापारियों की मांग है कि यदि बिजली की कमी या ओवरलोडिंग के कारण रोस्टिंग (कटौती) करना अनिवार्य ही है, तो उसका एक समय तय किया जाए। यह कटौती रात के बजाय दिन के समय की जाए ताकि रात में लोग सो सकें।

Also Read: ‘BJP में अब करंट नहीं रहा…’, बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का UP सरकार पर हमला

मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बिजली विभाग के खिलाफ इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान हरचंदपुर व्यापार मंडल के तमाम प्रमुख पदाधिकारी और व्यापारी एकजुट नजर आए। व्यापारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति के शेड्यूल में जल्द सुधार नहीं किया गया और रात की कटौती बंद नहीं हुई, तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

प्रदर्शन में यह रहे मौजूद

इस मौके पर मुख्य रूप से हरचंदपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, महामंत्री आशीष अवस्थी, उबैद अली, अनूप अवस्थी, मुकेश, शिव बाबू, बड़े चौधरी, हर्ष बाजपेई, अंकुर जायसवाल और राम दास सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यवसाई उपस्थित रहे।

Also Read: ‘जनता BJP को धो-पटककर सुखा देगी…’, तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर अखिलेश यादव का सीएम योगी पर निशाना

SDO अखिलेश यादव ने कहा? 

उपखंड अधिकारी (SDO), अखिलेश कुमार यादव ने बताया, व्यापारियों द्वारा बिजली समस्या को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया है। व्यापारियों की मांग और समस्या को प्राथमिकता देते हुए इस ज्ञापन को उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। उच्चाधिकारियों द्वारा इस संबंध में जो भी दिशा-निर्देश या फैसला लिया जाएगा, उस पर तत्काल अमल कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)