अमेठी। जनपद के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपति यात्री प्लाजा के पास स्थित चिरौली गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे बने नाले में एक नवजात बच्ची पड़ी होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। मासूम बच्ची को नाले में पड़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को दी गई।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव, केस वर्कर रुचि सिंह, सुपरवाइजर रोशन लाल तथा स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने बिना देर किए नवजात बच्ची को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची की हालत कमजोर दिखाई दे रही थी, जिसके बाद उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर भेजा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों द्वारा बच्ची की जांच की गई। जांच के दौरान बच्ची का वजन सामान्य से काफी कम पाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची को मलिक मोहम्मद जायसी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में नवजात बच्ची का उपचार जारी है।
वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची को नाले में किसने छोड़ा। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।












































