चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर-ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। चलती ट्रेन में एक अज्ञात बदमाश ने युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश ने शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया और फरार हो गया।
इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 53642 डाउन डीडीयू-दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन रविवार सुबह 6:28 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही कुछमन स्टेशन से आगे बढ़ी, हाथ में दो पिट्ठू बैग लिए एक अज्ञात व्यक्ति दरवाजे के पास पहुंचा। उसने वहां खड़े एक यात्री के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया। सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही बदमाश आसानी से उतरकर फरार हो गया।
ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सकलडीहा, अलीनगर, चंदौली सदर थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चलती ट्रेन में युवक को गोली मारने की सूचना मिली थी। इस पर जीआरपी, सकलडीहा और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इस घटना के बाद रेलवे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।












































