धरमंगदपुर में सनसनीखेज हत्या से हड़कंप, प्रधान समेत कई लोगों पर आरोप

फतेहपुर : फतेहपुर खागा थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर (नरवा) गांव में बीती रात हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या किए जाने के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मृतक के परिजनों ने गांव के वर्तमान प्रधान पवन सिंह, उनके परिवार समेत कई लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों का आरोप है कि मृतक के साथ योजनाबद्ध तरीके से मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के परिजनों ने मामले में कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब परिवार स्वयं मृतक की तलाश कर रहा था, उसी दौरान कानपुर निवासी रमेश सहगल द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसे लेकर परिवार ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी पहले कैसे और किन परिस्थितियों में मिली।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष को कानपुर निवासी रमेश सहगल का संरक्षण प्राप्त था और गांव में लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि जिस मोबाइल नंबर से घटना की सूचना दी गई, उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन की गहन जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

घटना के बाद गांव में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में रमेश सहगल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें वर्तमान प्रधान पवन सिंह के साथ संगठनात्मक संबंधों का उल्लेख किया गया था। इस पोस्ट को लेकर भी गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। खागा थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है और लोग इस सनसनीखेज हत्या के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।