बाराबंकी: अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मसौली पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। थाना मसौली पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त को शहावपुर नहर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. अहमद पुत्र गुलाम सगीर, निवासी सिटी इंटर कॉलेज के पास, मोहल्ला पीरबटावन, थाना कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना मसौली में मु0अ0सं0 390/2025, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में वांछित होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम को मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी करते हुए शहावपुर नहर के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, निरीक्षक सनत कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, कांस्टेबल संजय विश्वकर्मा तथा रिजर्व कांस्टेबल विजय सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


















































