बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गंगा और सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए नाव सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों मुण्डन संस्कार(ओहार) के चलते बड़ी संख्या में लोग घाटों पर एकत्रित हो रहे हैं और नावों का उपयोग कर नदी पार कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत नावों को ही नदी में संचालन की अनुमति होगी, अपंजीकृत नावों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी नावों की सुरक्षा जांच अनिवार्य की गई है और नाव पर उसकी अधिकतम क्षमता, नाविक और मालिक का नाम तथा अंतिम जांच की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा।
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
जारी किए गए निर्देश
* नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा।
* प्रत्येक नाव पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
* सभी यात्रियों और नाविकों को लाइफ जैकेट पहनना जरूरी होगा।
* नाव संचालन के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग और सेल्फी लेना भी प्रतिबंधित किया गया है।
* खराब मौसम या तेज हवा की स्थिति में नाव चलाने पर रोक रहेगी।
* नदी किनारे किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से पहले संबंधित थाने को सूचना देना अनिवार्य होगा।
साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।










































