अमेठी : जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जगदीशपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना जगदीशपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रफीक अहमद पुत्र खलील अहमद निवासी ग्राम कोछित थाना भाले सुलतान शहीद स्मारक जनपद अमेठी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना जगदीशपुर में मु0अ0सं0 66/2026 धारा 2(ख)(1), (11)/3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ अमेठी जिले के विभिन्न थानों में चोरी, जालसाजी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
Also Read: साजिश, पैसा और झूठ का जाल: राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन के सनसनीखेज आरोप
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक शिवसागर चौधरी, कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव, विनय तिवारी और अवनीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














































