रायबरेली। उत्तर प्रदेश की सियासत और भूगोल, दोनों आज एक साथ बदल गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही हरदोई के मल्लावां से 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का बटन दबाकर लोकार्पण किया, रायबरेली के ऊंचाहार में बैठा जनसैलाब उत्साह से झूम उठा। रोझैया भीखमशाहपुर में आयोजित भव्य समारोह में मौजूद हज़ारों लोगों ने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण (Live Telecast) देखा और विकास की इस नई गाथा के साक्षी बने।
बड़ी स्क्रीन पर दिखा ‘नया उत्तर प्रदेश’
उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगी बड़ी-बड़ी स्क्रीनों पर जब प्रधानमंत्री मोदी ने एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित किया, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सजीव प्रसारण देखते हुए लोगों में भारी उत्साह था कि अब दिल्ली और प्रयागराज की दूरियां सिमट गई हैं।
Also Read : ‘सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी…’, PM मोदी का विपक्ष पर करारा हमला
1 ट्रिलियन इकोनॉमी का बनेगा आधार
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने एक्सप्रेसवे को प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए ‘गेम चेंजर’ बताया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल परिवहन आसान होगा, बल्कि औद्योगिक गलियारों के माध्यम से रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा होंगे।
‘गांधी-नेहरू’ के किले में विकास की हुंकार
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दिनेश सिंह ने विपक्षी खेमे पर तीखा हमला बोला और रायबरेली की नई पहचान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे का तोहफा दिया। 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे में 77 किलोमीटर की हिस्सेदारी अकेले रायबरेली की है। अब रायबरेली को गांधी-नेहरू खानदान के नाम से नहीं, बल्कि मोदी-योगी के विकास और गंगा एक्सप्रेसवे के नाम से जाना जाएगा। यहाँ विकास और विरासत दोनों समृद्ध हो रहे हैं।
ऊंचाहार बनेगा इंडस्ट्रियल हब
ऊंचाहार के विधायक डॉ मनोज कुमार पांडे ने अपनी विधानसभा में इस बड़े प्रोजेक्ट के आने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे उनकी विधानसभा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। यह कॉरिडोर भविष्य में रायबरेली को प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाएगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी,अपना दल जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र पटेल, सलोन विधायक अशोक कोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता,एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी व नेतागण उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














































