Amethi: मुंशीगंज स्थित संजय गांधी चिकित्सालय में इलाज के दौरान एक 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद रविवार देर रात परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अंतिम संस्कार के लिए घर लेकर चले गए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान मुंशीगंज थाना क्षेत्र के मधुआपुर गांव निवासी श्यामपता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे श्यामपता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें संजय गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। बेटे दीपक का आरोप है कि समय पर जांच और उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी मां की मौत हुई। परिजनों ने कहा कि उन्हें पैसा नहीं, बल्कि न्याय चाहिए। वहीं अस्पताल के डॉ. नितिन पांडेय ने बताया कि मरीज की शुगर काफी अधिक थी और उन्हें हार्ट अटैक पड़ा था, जिसके चलते उनकी मौत हुई। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे जांच लिखी गई थी, जबकि जांच रविवार दोपहर करीब 12 बजे कराई गई।
मुंशीगंज थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाकर शांत कराया। परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ घर ले गए। मृतका के पति का नाम जोखू है। उनके दो बेटे दीपक और संदीप तथा पांच बेटियां हैं। चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी रूबी की शादी अभी नहीं हुई है।














