Hathras में वाहन चोरों का कारनामा, बिछुआ गली से मेडिकल स्टोर संचालक की स्कूटी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Hathras: हाथरस में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र की बिछुआ गली से सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक की गली में खड़ी स्कूटी को अज्ञात वाहन चोर चोरी कर ले गया। स्कूटी चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने अपनी स्कूटी को बिछुआ गली में खड़ा किया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो स्कूटी मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी जब स्कूटी का कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक स्कूटी के पास पहुंचता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद युवक स्कूटी को लेकर वहां से निकल जाता है। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई है।

ALSO READ: Amethi में 16 साल पुराने हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, 1.54 लाख का जुर्माना

मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन चोर की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, पीड़ित मेडिकल स्टोर संचालक ने सीसीटीवी फुटेज को सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि फुटेज में दिखाई दे रहा युवक किसी को पहचान में आता है तो उसकी जानकारी पुलिस या उन्हें उपलब्ध कराई जाए, जिससे चोरी की गई स्कूटी को बरामद कराने और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में भी गली से स्कूटी चोरी होने की घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)