आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेजों से बनवाया शस्त्र लाइसेंस, मुंबई से आरोपी गिरफ्तार, रिवाल्वर समेत 35 कारतूस बरामद

आजमगढ़: निजामाबाद पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस और अन्य सरकारी लाभ हासिल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर रिवाल्वर, 33 जिंदा और दो खोखा कारतूस के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ निजामाबाद थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी मिर्जा अयाज बेग और उसके सहयोगियों द्वारा बाहरी लोगों को गांव का निवासी दर्शाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए जाते हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस सहित अन्य सरकारी लाभ दिलाने के एवज में मोटी रकम वसूले जाने की जानकारी मिली थी।

Also Read: बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, दो साथियों संग गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने वाले मो. इबराक खान को मिर्जापुर गांव का निवासी दर्शाते हुए परिवार रजिस्टर, विद्यालय अभिलेख और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसके नाम वर्ष 2010 में रिवाल्वर का शस्त्र लाइसेंस जारी कराया गया। पुलिस का दावा है कि इसी तरह अन्य लोगों के लिए भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर शस्त्र लाइसेंस और सरकारी लाभ दिलाने की बात सामने आई है।

इस मामले में 29 सितंबर को निजामाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 245/2026 के तहत बीएनएस की धारा 61(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा 29/30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निरीक्षक (अपराध) जयप्रकाश यादव और उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम एक अक्टूबर को मुंबई पहुंची। ओशिवरा थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी के पाटलिपुत्र स्थित आवास पर दबिश देकर इबराक खान को गिरफ्तार किया गया।

Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

तलाशी के दौरान उसके पास से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड मिले। इसके अलावा मुकदमे से संबंधित लाइसेंसी रिवाल्वर, 33 जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2025 में इबराक ने मुंबई के अस्थायी पते पर गजट के माध्यम से अपना नाम बदलकर मो. इबराक खान पुत्र इमदाद खान कराया, जबकि इसी नाम से वर्ष 2010 में शस्त्र लाइसेंस जारी हुआ था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)