UP: बोलेरो की मांग, फिर विवाहिता की मौत… दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

गोण्डा: शादी के बाद से चल रही दहेज की कथित मांग आखिरकार एक विवाहिता की मौत तक जा पहुंची। परसपुर थाना क्षेत्र में बबली की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति आकाश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष बोलेरो गाड़ी की मांग को लेकर बबली को प्रताड़ित करता था और 1 अक्टूबर को उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बबली की शादी 14 मई 2021 को धिरजा मिश्र पुरवा निवासी आकाश पाण्डेय के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में बोलेरो की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। 1 अक्टूबर को बबली की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतका के दादा घनश्याम मिश्रा ने परसपुर थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आकाश पाण्डेय धिरजा मिश्र पुरवा बाईपास पुलिया के पास खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)